Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: काठगोदाम स्टेशन पर अचेत मिले BSF जवान की मौत, जहरखुरानी गिरोह ने लूटा सामान

Published

on

खबर शेयर करें 👉

जैसलमेर में तैनात बीएसएफ जवान सत्यपाल सिंह की हल्द्वानी के अस्पताल में मौत। ट्रेन में जहरखुरानी गिरोह ने नशीला पदार्थ देकर मोबाइल और दस्तावेज लूटे।

हल्द्वानी। काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर शाम सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान संदिग्ध और अचेत अवस्था में मिले, जिनकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान रुड़की के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ढंडेरा निवासी 53 वर्षीय सत्यपाल सिंह पुत्र नेतराम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सत्यपाल सिंह वर्तमान में जैसलमेर में बीएसएफ की 20वीं बटालियन में तैनात थे। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर जवान के जहरखुरानी गिरोह का शिकार होने का दावा किया है।
मेडिकल चौकी प्रभारी मनमोहन सिंह ने बताया कि सत्यपाल सिंह रविवार सुबह अपने घर रुड़की आने के लिए निकले थे। जोधपुर पहुंचने पर उन्होंने अपने बेटे को फोन कर ट्रेन में बैठने की जानकारी भी दी थी। अंदेशा जताया जा रहा है कि सफर के दौरान ही ट्रेन में सक्रिय अज्ञात जहरखुरानों ने उन्हें कोई अत्यधिक नशीला या जहरीला पदार्थ दे दिया। इसके बाद शातिर अपराधी जवान का पूरा सामान, मोबाइल फोन, पर्स और जरूरी दस्तावेज चोरी कर फरार हो गए।
काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर जब ट्रेन रुकी, तो जीआरपी (GRP) के जवानों ने जवान को सीट पर अचेत अवस्था में देखा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद जवान को बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों का कहना है कि शरीर में जहरीले पदार्थ की मात्रा बहुत अधिक थी और काफी देर तक उसका असर रहने के कारण जवान के अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।
इस दर्दनाक घटना के बाद से जवान के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घर लौट रहे पिता की मौत की खबर से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। हल्द्वानी पुलिस और रेलवे जीआरपी ने संयुक्त रूप से मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस जोधपुर से काठगोदाम के बीच के रूट और स्टेशन के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि इस क्रूर वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का सुराग लगाया जा सके।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement