Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: उत्तराखंड की संस्कृति और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी, ब्लॉगर ज्योति अधिकारी पर मुकदमा दर्ज

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी की ब्लॉगर ज्योति अधिकारी के खिलाफ मुखानी थाने में FIR दर्ज। उत्तराखंड की संस्कृति, महिलाओं और देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप। जानें पूरा मामला।

हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, देवी-देवताओं और कुमाऊंनी महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करना एक ब्लॉगर को भारी पड़ गया है। हल्द्वानी के मुखानी थाने में ब्लॉगर ज्योति अधिकारी के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने और महिलाओं की गरिमा को नुकसान पहुँचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में लालमणि किशनपुर घुड़दौड़ा निवासी ब्लॉगर ज्योति अधिकारी उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपराओं और स्थानीय देवी-देवताओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करती नजर आ रही हैं। आरोप है कि उन्होंने कुमाऊं की महिलाओं के खिलाफ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
बुद्ध पार्क प्रदर्शन के दौरान दिया था बयान
शिकायतकर्ता जूही चुफाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ समय पूर्व हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में अंकिता हत्याकांड के विरोध में प्रदर्शन हुआ था। इसी दौरान ज्योति अधिकारी ने हाथ में दरांती लेकर सार्वजनिक रूप से विवादित बयान दिए। तहरीर में कहा गया है कि उनके इस कृत्य से समाज में गलत संदेश गया है और इससे प्रदेश की महिलाओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कर रही है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि साक्ष्यों के आधार पर कानून सम्मत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जनता से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील की है।

Select Language

Advertisement