Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर मुकदमे दर्ज, कांग्रेस ने फूंका पुतला

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के राजपुरा में नशे के खिलाफ आंदोलन कर रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस केस दर्ज होने से गुस्सा। विधायक सुमित हृदयेश की अगुवाई में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन।

हल्द्वानी। राजपुरा क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठा रहे सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में बवाल बढ़ गया है। गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में पुलिस प्रशासन का पुतला दहन कर कड़ा विरोध जताया। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश की मौजूदगी में हुए इस प्रदर्शन में स्थानीय नागरिकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विधायक सुमित हृदयेश ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि राजपुरा में नशे के खिलाफ चल रहा अभियान पूरी तरह जनता की आवाज है। जनप्रतिनिधि लंबे समय से ज्ञापन देकर, हस्ताक्षर अभियान चलाकर और चौकी पर धरना देकर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसके बावजूद नशे के सौदागरों को पकड़ने के बजाय आवाज उठाने वालों पर मुकदमे दर्ज करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट और जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि अपने बच्चों को नशे से बचाने के लिए लड़ रहे समाजसेवियों को अपराधी की तरह पेश करना गलत है। उन्होंने मांग की कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे। साथ ही घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो को जांच में शामिल किया जाए ताकि सच सामने आ सके।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दर्ज किए गए झूठे और द्वेषपूर्ण मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने मांग की कि पुलिस को नशे के वास्तविक कारोबारियों और उनके पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसना चाहिए।
इस प्रदर्शन में हेमंत बगड़वाल, जीवन कार्की, मधु सांगुड़ी, कमला सनवाल, दीप पाठक और यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमित कुमार समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Select Language

Advertisement