हल्द्वानी
काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस के दिनों में बदलाव, रामनगर ट्रेन की नई समय सारिणी जारी
काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस के संचालन दिनों में रेलवे ने संशोधन किया है। वहीं रामनगर-देहरादून ट्रेन की नई समय सारिणी जारी हो चुकी है। जानिए पूरी डिटेल।
हल्द्वानी। उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने एक जरूरी अपडेट जारी किया है। रेलवे प्रशासन ने काठगोदाम-देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस के संचालन दिनों में संशोधन किया है। इसके साथ ही रामनगर से देहरादून के बीच चलने वाली नई द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की समय सारिणी भी घोषित कर दी गई है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस (12092/12091) 3 अगस्त 2026 से नए शेड्यूल के तहत चलेगी। यह ट्रेन अब सप्ताह में 5 दिन यानी सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को संचालित होगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह ट्रेन अब बुधवार और शुक्रवार को नहीं चलेगी। हालांकि, ट्रेन के समय, मार्ग और कोच संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दूसरी ओर, रामनगर-देहरादून-रामनगर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस (15310/15309) का नियमित संचालन 5 अगस्त 2026 से शुरू होने जा रहा है। यह ट्रेन हर बुधवार और शुक्रवार को रामनगर से सुबह 05:50 बजे प्रस्थान करेगी। रास्ते में काशीपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए यह दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में देहरादून से दोपहर 03:55 बजे चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
इस नई रामनगर-देहरादून ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें एसी द्वितीय, एसी तृतीय, एसी चेयरकार, शयनयान, सामान्य चेयरकार और सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे शामिल होंगे। इस नई सेवा से कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
