Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में गरजे सीएम धामी, फेक नैरेटिव से सतर्क रहने की अपील

हल्द्वानी के सोशल मीडिया मंथन में पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी। युवाओं से की फेक नैरेटिव और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने और जिम्मेदार बनने की अपील।

हल्द्वानी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित “सोशल मीडिया मंथन विथ सीएम धामी” कार्यक्रम में शिरकत की। इस बड़े आयोजन में उन्होंने प्रदेशभर से जुटे सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, डिजिटल वॉलेंटियर्स और युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डिजिटल युग में सोशल मीडिया की भूमिका और इसके सुरक्षित उपयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें सामने रखीं।
कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंटरनेट पर फैलने वाली अफवाहों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चल रहे फेक नैरेटिव और भ्रामक सूचनाओं से पूरी तरह सतर्क रहें। उन्होंने जोर दिया कि समाज को बांटने वाली ताकतों को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर तथ्यपरक और जिम्मेदार व्यवहार करना आज के समय की सबसे बड़ी मांग है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे देवभूमि की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और पहचान को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के इस दौर में उत्तराखंड के युवा प्रदेश के ‘डिजिटल ब्रांड एम्बेसडर’ बनकर दुनिया के सामने राज्य की एक सकारात्मक छवि पेश करें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं को स्टार्टअप, नवाचार और स्वरोजगार के बेहतरीन अवसर दे रही है।
अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (UCC) और कड़ा धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है। सोशल मीडिया मंथन हल्द्वानी के इस मंच पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और विधायक सरिता आर्या समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिन्होंने युवाओं के इस डिजिटल प्रयास की सराहना की।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›