Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ पार्षद का मोर्चा, 13 जुलाई से देंगे धरना

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी वार्ड संख्या-17 के पार्षद शैलेंद्र सिंह दानू ने अतिक्रमण और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर 13 जुलाई से धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

हल्द्वानी। प्रशासनिक उदासीनता और अतिक्रमण के खिलाफ जनप्रतिनिधि के आर-पार की जंग का मामला सामने आया है। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के वार्ड संख्या-17 (हीरानगर) के निर्वाचित पार्षद शैलेंद्र सिंह दानू ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने और सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने नगर आयुक्त के माध्यम से सूबे के माननीय मुख्यमंत्री को एक तीखा पत्र भेजकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पार्षद शैलेंद्र सिंह दानू का आरोप है कि वे विगत एक वर्ष से नगर निगम, सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग को लगातार पत्राचार कर रहे हैं। वार्ड में स्थित सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण है, जहाँ जनता के हित में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। पार्षद ने कहा कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद अधिकारी केवल कागजी घोड़े दौड़ा रहे हैं और धरातल पर कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
क्षेत्र में प्रशासनिक लापरवाही के कारण स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि दो दिन पूर्व इसी विवादित स्थल पर एक गंभीर दुर्घटना हो गई। इस हादसे में वार्ड का एक स्थानीय नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जो वर्तमान में अस्पताल के आईसीयू (ICU) में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। पार्षद ने इस घटना को सीधे तौर पर सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग और नगर निगम की बड़ी लापरवाही का नतीजा बताया है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में पार्षद ने कड़े सवाल उठाते हुए पूछा है कि जब भूमि सरकारी है, तो अधिकारी जिम्मेदारी से क्यों बच रहे हैं? उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाने और शौचालय निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे जनता के साथ 13 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे से उसी स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर देंगे। इस आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी लापरवाह अधिकारियों की होगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement