उधमसिंह नगर
खटीमा रेलवे ट्रैक के पास मिले दो लोगों के शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
उधम सिंह नगर के खटीमा रेलवे स्टेशन के पास दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस जांच में जुटी।
उधम सिंह नगर। जिले के खटीमा रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार रात दो लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रेलवे पटरी के किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान खटीमा के तिलक नगर निवासी राजेंद्र सिंह सामंत (50) और उत्तर प्रदेश के ठाकुरद्वारा निवासी विनोद चौहान (45) के रूप में हुई है। घटनास्थल पर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) नीरज सेमवाल और कोतवाल विजेंद्र शाह ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को शुरुआती जांच में मृतकों के शरीर पर बाहर से चोट के कोई गंभीर निशान नहीं मिले थे।
हालांकि, मृतकों के परिजनों ने हत्या की प्रबल आशंका व्यक्त की है। परिजनों का तर्क है कि दोनों के हाथ और पैर की खाल निकली हुई थी तथा मौके पर दोनों की केवल एक-एक चप्पल ही बरामद हुई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।
पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर अकलीम ने बताया कि रिपोर्ट में मृतकों के सिर पर अंदरूनी चोटों के निशान पाए गए हैं। वहीं, सीओ नीरज सेमवाल ने जानकारी दी कि मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए बिसरा सुरक्षित कर प्रयोगशाला भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस परिजनों की ओर से औपचारिक तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है।
