Report by : CWN Desk
Published at :
कोटद्वार में 12वीं के छात्र की खोह नदी में डूबने से मौत


कोटद्वार। घूमने आए नजीबाबाद निवासी एक किशोर की खोह नदी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। एसआई जयपाल सिंह ने बताया कि यूपी के जिला बिजनौर के अंतर्गत बांसमंडी, मछली बाजार नजीबाबाद निवासी अफसान (17) पुत्र साकिर और उसके दो दोस्त रविवार को घूमने के लिए कोटद्वार आए थे। खाना खाने के बाद तीनों बाइक से सिद्धबली मंदिर पहुंचे। इसके बाद करीब 3:30 बजे तीनों नहाने के लिए खोह नदी में उतर गए। यहां सिंचाई विभाग की ओर से दायीं खोह नहर में सिंचाई का पानी चलाने के लिए बंधे बनाए हैं। इसी बंधे में तीनों नहा रहे थे।
अफसान के साथी हिबजान और हिबान ने बताया कि उन्हें तैरना नहीं आता था इसलिए वह कम पानी में ही नहा रहे थे। जबकि अफसान को थोड़ा बहुत तैरना आता था इसलिए वह गहराई में उतर गया। लेकिन पानी ज्यादा गहरा होने के कारण वह डूबने लगा। अफसान को डूबता देख दोनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए पुकारा। शोर सुनकर पास में ही नहा रहा एक युवक मौके पर पहुंचा और उसने पानी में उतरकर अफसान की तलाश की। बताया कि काफी मशक्कत के बाद युवक ने अफसान को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस अफसान को बेस अस्पताल लाई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अफसान 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›