Report by : CWN Desk
Published at :
हरिद्वार: शिवालिक नगर लूटकांड का खुलासा : मास्टरमाइंड सहित चार आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। शिवालिक नगर में कांग्रेस नेता की बेटी को बंधक बनाकर की गई लूट की गुत्थी सीआईयू और रानीपुर पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटी गई नकदी और जेवर बरामद कर लिए। यह पूरी वारदात प्रॉपर्टी डीलिंग में हुए दस लाख रुपये के नुकसान की वजह से रची गई साजिश का नतीजा थी।
घटना का विवरण
26 अगस्त की दोपहर तीन बदमाशों ने शिवालिक नगर स्थित बीएचईएल से रिटायर्ड कर्मचारी और प्रॉपर्टी डीलर चौधरी कुलबीर सिंह के घर पर धावा बोला। बदमाशों ने उनकी बेटी मोना चौधरी को तमंचे की नोक पर बंधक बनाकर नकदी, जेवर और कार लूट ली। बाद में कार को पथरी पावर हाउस के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
मोना चौधरी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस और सीआईयू की आठ टीमें खुलासे में जुटाई गईं। जांच के दौरान करीब एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और सौ से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की गई। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुमननगर रोड नंबर तीन स्थित झोपड़ी से मास्टरमाइंड अजीत निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, रानीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
अजीत की निशानदेही पर पुलिस ने उसके तीन साथियों – सोमपाल उर्फ छोटू (निवासी साल्हाखेड़ी, मुजफ्फरनगर), नरेश (निवासी सिकंदरपुर ककौड़ी, हापुड़) और विवेक (निवासी नागल, बागपत) को भी दबोच लिया। आरोपियों से तीन लाख रुपये नकद, दो तमंचे, छह जिंदा कारतूस, लूटी गई चैन, अंगूठी और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक बरामद की गई।
कोर्ट में पेशी
पुलिस ने बताया कि मास्टरमाइंड अजीत, चौधरी कुलबीर सिंह का परिचित था और जमीन के सौदे में 10 लाख रुपये डूबने के बाद उसने बदमाशों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›