Report by : CWN Desk
Published at :
गंगोत्री गोमुख तपोवन ट्रैक की यात्रा पर लगी रोक, कांवड़ियों को गंगोत्री से ही जल भरकर लौटना पड़ेगा

देहरादून। गंगोत्री गोमुख तपोवन ट्रैक की यात्रा पर गंगोत्री नेशनल पार्क ने अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है। चीड़बासा में मार्ग अवरुद्ध होने के कारण किसी भी यात्री और ट्रेकर को कनखू बैरियर से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद और बीते बृहस्पतिवार को चीड़बासा नाले के उफान के पर आने से गोमुख ट्रैक पर आवाजाही सुरक्षित नहीं है। इसलिए गंगोत्री नेशनल पार्क प्रशासन ने अग्रिम आदेशों तक गंगोत्री से गोमुख तपोवन ट्रैक की यात्रा पर रोक लगा दी है। वहीं, इस यात्रा पर रोक लगने के कारण इस बार कांवड़ियों को गंगोत्री से ही जल भरकर लौटना पड़ेगा।
सावन माह शुरू होने से पहले ही गोमुख से जल भरने के लिए देशभर से कांवड़ियें उत्तरकाशी में पहुंच जाते हैं, जिससे कि वह समय पर अपने शिवालयों तक पहुंच सकें। इस बार भी जनपद में गंगोत्री धाम और गोमुख के लिए कांवड़ियों के जत्थों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को राजस्थान भरतपुर से पहुंचे कांवड़ियों ने कहा कि उन्हें गोमुख से गंगा जल भरना है। लेकिन अब गोमुख यात्रा पर रोक लगने के कारण उन्हें गंगोत्री से ही जल भरकर लौटना पड़ेगा। इधर, गंगोत्री नेशनल पार्क के उप निदेशक आरएन पांडेय ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत अग्रिम आदेशों तक गंगोत्री से गोमुख तपोवन ट्रैक की यात्रा पर रोक लगा दी गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›