Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: नकली सोना गिरवी रख बैंक से गोल्ड लोन लेने वाले गैंग का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी पुलिस ने नकली सोना गिरवी रखकर बैंकों से गोल्ड लोन लेने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जिले में वर्ष 2024-2025 के दौरान थाना हल्द्वानी, बनभूलपुरा और मुखानी क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा तथा केनरा बैंक में कुछ व्यक्तियों द्वारा नकली आभूषण गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया गया था। बैंक ऑडिट के दौरान यह सामने आया कि गिरवी रखे गए आभूषण नकली थे। इस पर संबंधित बैंकों ने पुलिस थानों में मामले दर्ज कराए।

एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने इस गैंग को पकड़ने के लिए थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की। 28 मई को मुखबिर की सूचना पर कोतवाल राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नैनीताल रोड स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय पार्क से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों में अभिषेक सिंह नेगी और पवन सिंह फर्सवाण शामिल हैं। इनके कब्जे से करीब 111 ग्राम वजनी नकली सोने की आठ चूड़ियां बरामद हुईं, जिन पर कूटरचित होलोग्राम अंकित थे। जांच में ये चूड़ियां नकली पाई गईं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में मतदाता सूची अपडेट करने के लिए SIR शिविर आयोजित, भारी संख्या में पहुंचे लोग

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह में अल्मोड़ा और दिल्ली के कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। वे नकली सोना दिल्ली से सस्ते दामों में लाते हैं और उस पर फर्जी हॉलमार्क लगवा लेते हैं। फिर इसे उन बैंकों में गिरवी रखते हैं, जहां सोने की गहन जांच नहीं होती। लोन मिलने के बाद पैसे को आपस में बांट लेते हैं। प्रमुख अभियुक्त अखिलेश सिंह नेगी पर विभिन्न बैंकों से 60-70 लाख रुपये तक के प्रॉपर्टी, वाहन व गोल्ड लोन लेने के मामले भी सामने आए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  रजत जयंती पर उत्तराखंड आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू: विधानसभा सत्र में बड़े फैसलों पर होगी मुहर

पूर्व में हल्द्वानी, बनभूलपुरा और मुखानी थानों में फर्जी गोल्ड लोन के छह मुकदमे दर्ज हुए थे, जिनमें अजहर वारसी, जोया अहमद, तरुण भारद्वाज, हरजिन्दर नरुला और मोहम्मद फिरोज नामजद हैं। पुलिस इन सभी मामलों की कड़ियों को जोड़कर विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं बैंक के किसी कर्मचारी की संलिप्तता तो नहीं रही।

बरामदगी:

  • 08 नकली चूड़ियां
  • कुल वजन लगभग 111 ग्राम
  • चूड़ियों पर कूट रचित होलोग्राम अंकित

पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।

Select Language

Advertisement