हल्द्वानी
हल्द्वानी: पति के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का विरोध करने पर पत्नी की पिटाई, सलमान पर केस
हल्द्वानी के बनभूलपुरा में एक महिला ने पति सलमान पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। दूसरी महिला से संबंध और शादी की जिद को लेकर विवाद। जानें पुलिस कार्रवाई।
हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र से घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। इन्द्रानगर काबुल गेट निवासी एक विवाहिता ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि उसका पति न केवल उसके साथ मारपीट करता है, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी करीब ढाई साल पहले सलमान नामक युवक से हुई थी। आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद से ही पति का व्यवहार बदल गया और वह छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करने लगा। महिला ने तहरीर में खुलासा किया कि उसके पति का किसी अन्य युवती के साथ अवैध संबंध है। इसी वजह से वह दूसरी शादी करने की जिद पर अड़ा हुआ है।
जब भी पीड़िता पति के बाहरी संबंधों या दूसरी शादी का विरोध करती है, तो विवाद हिंसक रूप ले लेता है। महिला का आरोप है कि सलमान ने उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और घर से निकालने की कोशिश भी की। लगातार मिल रही धमकियों के कारण पीड़िता को अब अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। इसके बाद उसने बनभूलपुरा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बनभूलपुरा थानाध्यक्ष डीएस फर्त्याल ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
