हल्द्वानी
हल्द्वानी चौपाटी विवाद: ब्लॉगर सुनीता भट्ट को शॉप खाली करने का नोटिस, ज्योति अधिकारी से झगड़ा पड़ा भारी
हल्द्वानी की ब्लॉगर सुनीता भट्ट और ज्योति अधिकारी का विवाद बढ़ा। चौपाटी ओनर ने सुनीता भट्ट को दुकान हटाने का दिया आदेश। सोशल मीडिया वॉर का बिजनेस पर पड़ा असर।
हल्द्वानी। हल्द्वानी में सोशल मीडिया पर सक्रिय ब्लॉगर सुनीता भट्ट और ज्योति अधिकारी के बीच का विवाद अब एक नया और गंभीर मोड़ ले चुका है। पिछले कुछ दिनों से दोनों पक्षों के बीच चल रही ‘अभद्र भाषा’ की जंग का असर अब व्यापारिक स्तर पर दिखने लगा है। ताजा जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी चौपाटी के ओनर ने सुनीता भट्ट को उनकी शॉप खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया है।
इस पूरे विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हुई, जहाँ दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ काफी सख्त और विवादित टिप्पणियां की थीं। अब विवाद इतना बढ़ गया है कि चौपाटी प्रबंधन ने अपने संस्थान की गरिमा और शांति बनाए रखने के लिए सुनीता भट्ट को वहां से बिजनेस हटाने को कह दिया है। सुनीता भट्ट ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके बिजनेस को बदनाम न किया जाए और उन्हें वहां से न हटाया जाए, लेकिन प्रबंधन अपने फैसले पर अड़ा हुआ है।
सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि ‘ताली एक हाथ से नहीं बजती’। यदि ज्योति अधिकारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, तो सुनीता भट्ट की ओर से भी वैसी ही प्रतिक्रिया आई, जिसने मामले को सुलझाने के बजाय और उलझा दिया। यह घटना इस बात का जीता-जागता उदाहरण है कि सोशल मीडिया यदि किसी को ऊंचाइयों पर पहुंचा सकता है, तो एक छोटी सी गलती उसे अर्श से फर्श पर भी ला सकती है। सुनीता भट्ट के समर्थकों और शुभचिंतकों का कहना है कि उन्हें अपनी गलती से सीख लेनी चाहिए और अगर नियत सही हो, तो वे कहीं और से भी अपना बिजनेस दोबारा शुरू कर सकती हैं। फिलहाल, हल्द्वानी की सोशल मीडिया कम्युनिटी में इस ‘हल्ला बोल’ विवाद की चर्चा हर तरफ हो रही है।
