Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड में भारी बारिश से 9 लोगों की मौत, नदियां खतरे के निशान से ऊपर

आज प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, आज नहीं होंगे चारधाम यात्रा के रजिस्ट्रेशन
देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार को हुई भारी बारिश से कई जगह जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। विभिन्न हादसों में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग लापता हैं। उधर, केदारघाटी में हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। टिहरी में तिलवाड़ा पुल बह गया है।
लिंचोली में बादल फटने से खासा नुकसान हुआ है। एसडीएम अनिल कुमार के मुताबिक गौरीकुंड से केदारनाथ मंदिर जाने वाला पैदल मार्ग करीब 30 मीटर बह गया है। मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। तप्तकुंड भी बह गया है। देर रात गौरीकुंड और सोनप्रयाग बाजार खाली करा लिए गए। 40 लोगों ने जीएमवीएन के गेस्ट हाउस में शरण ले ली है।
गौरीकुंड से सोनप्रयाग के बीच चट्टान रास्ते पर गिरने की भी सूचना है। उधर टिहरी के घनसाली में भिलंगना ब्लॉक के नौताड़ तोक में एक मकान बहने से दंपती भानु व नीलम की मौत हो गई। रुड़की में बिजली के खंभे से पेड़ में करंट फैल गया। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े एक पुरुष और महिला की करंट लगने से मौत हो गई।
उधर, हरिद्वार के बहादराबाद में भारी बारिश से मकान ढहने से दो बच्चों आस मोहम्मद (10), नगमा (8) निवासी भौरी डेरा शांतरशाह की मौत हुई है। जबकि नौ लोग घायल हैं। वहीं, कुमाऊं में भी बारिश से खासा नुकसान हुआ है। बागेश्वर जिले में शुभम (14) पुत्र संतोष सरयू में बह गया। हल्द्वानी के इंदिरानगर निवासी रिजवान(8) नाले में बह गया। धारी ब्लॉक के उडियारी पल्लाधार में पहाड़ी से पत्थर गिरने से लालराम (48) की मौत हो गई। वहीं देहरादून में भी दो लोग बह गए हैं। 
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए रेड अलर्ट के चलते एवं आयुक्त गढ़वाल मंडल ने निर्देश दिए हैं कि हरिद्वार और ऋषिकेश में स्थित पंजीकरण केंद्र में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया स्थगित रहेगी। वहीं, जिलाधिकारी यात्रा को लेकर अपने स्तर से निर्णय लेंगे। 
मौसम विभाग ने आज राज्य के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि तीन जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। भारी बारिश के मद्देनजर खासतौर पर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार बृहस्पतिवार को नैनीताल, ऊधमसिंहनगर एवं चंपावत जिले में कुछ स्थानों पर भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान आकाशीय बिजली के चमकने और बारिश के तीव्र से तीव्र दौर होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। भारी बारिश के मद्देनजर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि शेष अन्य जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›