Report by : CWN Desk
Published at :
ऋषिकेश में गंगा में रिवर राफ्टिंग में झगड़ा, किसी ने चलाए चप्पू तो किसी ने घूंसे

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पर्यटकों और राफ्ट गाइड के बीच हुई मारपीट

ऋषिकेश। गंगा में रिवर राफ्टिंग के दौरान दो राफ्ट में सवार पर्यटकों व राफ्ट गाइड के बीच हुई मारपीट का वीडियो इंटरनेट पर खूब प्रसारित हो रहा है। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर पर वीडियो की सत्यता की जांच में जुटी है।
गंगा के कौडियाला-मुनिकीरेती ईको टूरिज्म जोन में इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक रिवर राफ्टिंग के लिए पहुंच रहे हैं। सप्ताहांत पर तो यहां राफ्टिंग के लिए पर्यटकों का हुजूम ही उमड़ पड़ता है। स्थिति यह होती है कि कई पर्यटकों को स्पाट बुकिंग में राफ्ट ही नहीं मिल पाती है। कुल मिलाकर इन दिनों राफ्टिंग का कारोबार चरम पर है।

राफ्टिंग में आए दिन नए-नए विवाद भी सामने आते हैं। इस बार पर्यटकों के बीच हो रही मारपीट का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में गंगा की लहरों में तैर रही दो राफ्टों में सवार पर्यटक व गाइड एक दूसरे पर चप्पू से हमला करते नजर आ रहे हैं।

राफ्टिंग कारोबार से जुड़े गाइड की माने तो यह वीडियो गुरुवार का है, जो किसी राफ्ट गाइड ने अपने गो प्रो कैमरे से शूट किया है। बताया जा रहा है कि इन राफ्टों में दिल्ली-एनसीआर के पर्यटक सवार थे। इन राफ्टों के गाइड के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी, जिस पर पहले गाइड ने एक-दूसरे पर चप्पू से हमला किया और बाद में पर्यटक भी एक-दूसरे पर हमला करने लगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›