Connect with us

हल्द्वानी

काठगोदाम न्यूज़: ओखलढुंगा के गद्देरे में मिला बिंदुखत्ता के युवक का शव

Published

on

खबर शेयर करें 👉

काठगोदाम के ओखलढुंगा में 23 वर्षीय रेलवे कर्मचारी प्रवीण आर्य का शव मिलने से सनसनी। पुलिस को मौके से कीटनाशक बरामद। जानें क्या है पूरी घटना और पुलिस की जांच।

काठगोदाम। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओखलढुंगा के जंगल किनारे एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को रेस्क्यू किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान 23 वर्षीय प्रवीण आर्य के रूप में हुई है, जो लालकुआं के बिंदुखत्ता का निवासी था।
मृतक प्रवीण आर्य रुद्रपुर में रेल विभाग में तैनात था और अपने तीन भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। जानकारी के अनुसार, वह करीब एक सप्ताह पहले दमुआढूंगा स्थित अपनी बहन के घर आया था। सोमवार दोपहर 12 बजे वह अपनी बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की, जिसमें युवक की बाइक और जैकेट काठगोदाम-हैड़ाखान मार्ग पर बरामद हुई। सघन तलाशी अभियान के दौरान सड़क से करीब 2 किलोमीटर दूर गद्देरे में प्रवीण का शव मिला। घटनास्थल से पुलिस को गेहूं में डालने वाले कीटनाशक (सल्फास) के चार खाली पाउच और एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल मिली है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। युवक ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका पता लगाने के लिए उसके मोबाइल कॉल डिटेल्स और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। एक होनहार रेलवे कर्मचारी की इस तरह मौत से बिंदुखत्ता और काठगोदाम क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Select Language

Advertisement