हल्द्वानी
नैनीताल एसएसपी का बड़ा एक्शन: हल्द्वानी और लालकुआं की 7 चोरियों का खुलासा, 32 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
नैनीताल पुलिस ने लालकुआं और मुखानी क्षेत्र में हुई आधा दर्जन से अधिक चोरियों का खुलासा करते हुए शातिर हिस्ट्रीशीटर पिद्दी और उसके साथी को नकदी व बाइक के साथ दबोचा।
हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में हुई सिलसिलेवार चोरियों का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी लालकुआं थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पहले से दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जाल बिछाकर आरोपी प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दी और उसके साथी राजू बहादुर को धर दबोचा। इनकी गिरफ्तारी से लालकुआं के 4, मुखानी के 2 और काठगोदाम के 1 चोरी के मुकदमे का सफल अनावरण हुआ है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने ₹2,28,200 की नकदी, चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चोरी की रकम से खरीदा गया कीमती मोबाइल फोन बरामद किया है।
पकड़ा गया मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्य एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 32 मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके साथी राजू बहादुर के खिलाफ भी लालकुआं थाने में 13 मुकदमे दर्ज हैं। ये दोनों शातिर अपराधी रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर गल्ले से नकदी उड़ाते थे। चोरी की इस वारदात को अंजाम देते वक्त राजू बाहर निगरानी रखता था।
सफल अनावरण करने वाली इस पुलिस टीम में चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी समेत कई कांस्टेबल शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य और उत्साहवर्धन के लिए ₹2,500 के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
