Report by : CWN Desk
Published at :
बागेश्वर सड़क हादसा: 50 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, 4 वर्षीय मासूम की मौत

हल्द्वानी के होटल नंदी में यूपी के युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला। कमरे से चिल्लाने की आवाजें आने के बाद स्टाफ ने मास्टर की से दरवाजा खोला था।

हल्द्वानी। हल्द्वानी से एक बेहद हैरान और विचलित करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ मुखानी थाना क्षेत्र के ‘होटल नंदी’ में एक युवक का शव बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। युवक का शव कमरे के बाथरूम में नग्न अवस्था में मिला। इस सनसनीखेज घटना के बाद होटल प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय लाल साहब पटेल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जौनपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था। वह दिल्ली में टेलरिंग का काम करता था और शुक्रवार सुबह ही हल्द्वानी के इस होटल में आकर रुका था। होटल कर्मचारियों के मुताबिक, जब उसने सुबह कमरा लिया था तब वह पूरी तरह सामान्य और ठीक लग रहा था।
होटल स्टाफ ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे अचानक लाल साहब के कमरे से जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। अनहोनी की आशंका होने पर कर्मचारियों ने तुरंत कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर स्टाफ ने मास्टर की (दूसरी चाबी) से दरवाजा खोला, तो सामने का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
कमरे के भीतर बाथरूम के फर्श पर युवक निर्वस्त्र हालत में मृत पड़ा हुआ था। इसके साथ ही पूरे कमरे और बाथरूम में उल्टी फैली हुई थी। होटल प्रबंधन की सूचना पर मुखानी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को पूरी तरह सुरक्षित करते हुए कमरे को सील कर दिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो लाल साहब का साल 2021 में अपनी पत्नी से तलाक हो गया था और उसका एक बच्चा भी है। परिजनों के अनुसार, वह दिल्ली की किसी लड़की के संपर्क में था और उससे शादी करने वाला था। हालांकि, दिल्ली में रहने वाला लाल साहब अचानक हल्द्वानी क्यों और किससे मिलने आया था, यह रहस्य बना हुआ है।
सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस होटल के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) को खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›