Connect with us

हल्द्वानी

रामनगर से देहरादून के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी, जानें टाइम टेबल और रूट

Published

on

खबर शेयर करें 👉

भारतीय रेल मंत्रालय ने रामनगर-देहरादून द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दे दी है। जानिए इस नई ट्रेन का रूट, समय और किन-किन स्टेशनों पर होगा ठहराव।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में रेल मंत्रालय ने एक बड़ा फैसला लिया है। मंत्रालय ने रामनगर और देहरादून के बीच एक नई द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन (ट्रेन संख्या 15310/15309) के संचालन को हरी झंडी दे दी है। क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा करने में सांसद श्री अनिल बलूनी के विशेष प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस नई एक्सप्रेस ट्रेन के शुरू होने से उत्तराखंड के नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रामनगर से सुबह 05:50 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह उसी दिन देहरादून से दोपहर बाद 03:55 बजे चलकर रात 11:30 बजे रामनगर वापस पहुंचेगी।
मार्ग में यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्री प्रदेश की राजधानी देहरादून और तीर्थनगरी हरिद्वार में अपने जरूरी काम निपटाकर उसी दिन वापस लौट सकेंगे। यह सुविधा विशेष रूप से छात्रों, स्थानीय व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और किसानों के लिए बेहद मददगार साबित होगी।
यह नई ट्रेन सेवा कुमाऊं के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों के लिए भी वरदान साबित होगी। इसके साथ ही, प्रसिद्ध गिरिजा देवी मंदिर और सीतावनी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को भी इससे सुगम रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में एसी, चेयर कार, स्लीपर और सामान्य कोच लगाए जाएंगे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement