Report by : CWN Desk
Published at :
स्कूलों में चतुर्थ श्रेणी के पदों पर स्थानीय ग्रामीणों को आउटसोर्स भर्ती में मिलेगी प्राथमिकता

स्कूलों को छात्र संख्या के आधार पर मिलेंगे कर्मचारी
देहरादून। स्कूलों में चतुर्थ श्रेणी के पदों पर होने वाली आउटसोर्स भर्ती में स्कूल के गांव के स्थानीय बेरोजगार को ही प्राथमिकता दी जाएगी। गांव से अभ्यर्थी न मिलने पर संबंधित स्कूल की न्याय पंचायत के बेरोजगार को पहला मौका दिया जाएगा। शिक्षा विभाग जल्द ही 2364 पदों पर भर्ती शुरू करने जा रहा है। प्रत्येक कर्मचारी को हर महीने 15 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।
डीजी-शिक्षा बंशीधर तिवारी ने कहा कि आउटसोर्स एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसमें नियुक्ति का मानक तय कर दिया गया है। आउटसोर्स आधार पर विभिन्न शिक्षा कार्यालय में 334 पदों पर भर्ती की जानी है। जबकि 2030 पद स्कूलों के लिए तय हैं। अधिकारियों के कार्यालयों में संबंधित ब्लॉक और जिले के बेरोजगार का चयन किया जाएगा।
डीजी तिवारी ने बताया कि कर्मचारियों की संख्या का फार्मूला भी तय कर दिया गया है। एक हजार छात्र संख्या वाले 11 इंटर कालेज को तीन-तीन, 500 से 1000 छात्र संख्या वाले 62 स्कूलों को दो-दो और 500 से कम छात्र संख्या वाले 1108 इंटर कॉलेज में भी एक-एक कर्मचारी नियुक्त किया जाएगा। इसी प्रकार 722 हाईस्कूल और 43 नए उच्चीकृत स्कूलों को भी एक-एक कर्मचारी मिलेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›