अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ में प्रसार कार्यकर्ताओं को मिला संरक्षित सब्जी खेती का प्रशिक्षण
पिथौरागढ़। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पिथौरागढ़ के कृषि विज्ञान केंद्र में शनिवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण “संरक्षित सब्जियों की खेती” विषय पर केंद्रित था, जिसकी अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अभिषेक बहुगुणा ने की। कार्यक्रम में उद्यान एवं कृषि विभाग के 27 प्रसार कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. अभिषेक बहुगुणा ने संरक्षित खेती के अंतर्गत पॉलीहाउस, नेटहाउस और ग्लास हाउस में सब्जियों व फूलों की उन्नत खेती की तकनीक समझाई। उन्होंने बताया कि ग्रीनहाउस में उत्पन्न गैसों से फसलों को कैसे सुरक्षित रखा जाए और पॉलीहाउस का तापमान नियंत्रित करने के उपाय क्या हैं।
डॉ. अलंकार सिंह ने प्राकृतिक खेती की तकनीकी जानकारी दी। वहीं, डॉ. महेंद्र सिंह ने सब्जियों को कीटों व बीमारियों से बचाने के लिए जैविक, प्राकृतिक और रासायनिक विधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने मधुमक्खी पालन को भी सब्जी उत्पादकों के लिए लाभकारी बताया।
गृह विज्ञान वैज्ञानिक डॉ. स्वाति गर्ब्याल ने सब्जियों के प्रसंस्करण की जानकारी दी और कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न गतिविधियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
प्रशिक्षण में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक विनय, संदीप, जीवन लाल और दीपक भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने संरक्षित खेती तकनीक को व्यवहारिक स्तर पर अपनाने की उपयोगिता को समझा और इसे किसानों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
