Connect with us

हरिद्वार

अवैध संबंध का विरोध और सवा करोड़ रुपये की संपत्ति के लालच में यश की हुई हत्या

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार पुलिस ने हत्याकांड का किया खुलासा, पहले पिलाई शराब, फिर पत्थरों से सिर कुचला 
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने यश उर्फ क्रिष हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि रिश्तेदार युवक के नाबालिग की मां से अवैध संबंध थे। अवैध संबंध का विरोध और सवा करोड़ रुपये की संपत्ति के लालच में हत्या की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल ने बुधवार को एसपी सिटी कार्यालय में प्रेस वार्ता में घटना का खुलासा किया। एसएसपी के अनुसार कनखल की रविदास बस्ती निवासी यश उर्फ क्रिष (17) नए साल की पार्टी करने 31 दिसंबर की रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। एक जनवरी को दोपहर बैरागी कैंप क्षेत्र में गंगा किनारे उसका शव मिला था। सिर पर चोट के निशान मिले थे। यश की मां ने अमित कटारिया निवासी रविदास बस्ती के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। एसएसपी ने बताया कि यश की मां नगर निगम हरिद्वार में कर्मचारी है। पति की मौत होने के बाद महिला को निगम में नौकरी मिली थी। पुलिस का दावा है कि जांच में सामने आया कि पड़ोस में रहने वाले अमित कटारिया से उसके अवैध संबंध हो गए थे। दोनों रिश्ते में चाची-भतीजे लगते हैं। यश को दोनों के बीच संबंध का शक होने लगा था। वह दोनों को मिलने से मना करता था। इसीलिए अमित ने हत्या की साजिश रची। 31 दिसंबर की रात को अमित अपने साथ यश को ले गया और हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया कि आरोपी अमित कटारिया उर्फ खली पुत्र अशोक कटारिया निवासी रविदास बस्ती थाना कनखल को गिरफ्तार कर लिया गया है। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में सीओ सिटी जूही मनराल, इंस्पेक्टर कनखल अमरचंद शर्मा, एसएसआई बबलू चौहान आदि शामिल रहे।
आरोपी अमित अपने परिचित राहुल और विशाल के साथ यश को मिस्सरपुर ले गया। जहां चारों लोगों ने शराब पी। शाम सात बजे के आसपास अमित ने उन युवकों को घर भेज दिया। यश को ज्वालापुर खरीदारी के लिए ले गया। उसके बाद यश को बैरागी के पास ले जाकर फिर शराब पिलाई। जब यश नशे में हो गया तो पहले रस्सी से गला घोटा और फिर पत्थरों से सिर पर वार कर हत्या कर दी। उसने शव और स्कूटी बैरागी के पास ढलान में नीचे नदी की ओर गिरा दी। जिससे हत्या को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। घर लौटकर वह रात भर सोया नहीं। हत्या करते वक्त उसके जूते व मौजों में खून के छींटे पड़ गए थे। वह फिर यश के घर गया। वहां पूछने पर अमित का कहना था कि पान की पीक गिरी है। पुलिस ने उसकी निशादेही पर मृतक यश का मोबाइल फोन और अमित की टी-शर्ट बरामद कर ली।

Select Language

Advertisement