Report by : CWN Desk
Published at :
रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे डोलिया मंदिर के समीप बंद, पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डर, दोनों तरफ यात्री फंसे

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे देर शाम से डोलिया मंदिर के समीप बंद है। पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डरों से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। जिससे दोनों तरफ यातायात ठप है। एनएच द्वारा दोनों तरफ से मशीनों की मदद से मलबे को साफ किया जा रहा है, लेकिन पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों के कारण दिक्कत हो रही है। हाईवे बंद होने से कई स्थानीय सहित यात्री अपने वाहनों के साथ दोनों तरफ फंसे हुए हैं।
सोमवार को शाम चार बजे डोलिया मंदिर के समीप भूस्खलन व भूधंसाव जोन में पहाड़ी से भारी बोल्डर गिर गए। एनएच द्वारा कुछ ही देर में ऑलवेदर रोड परियोजना की कार्यदायी संस्था की मदद से बोल्डर व मलबा को साफ करने का काम शुरू किया गया, पर पहाड़ी से बार-बार गिर रहे पत्थर व मलबा से दिक्कत हो रही है।
स्थानीय निवासी नितिन जमलोकी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में हाईवे की स्थिति काफी संवेदनशील है। इधर, एनएच के ईई निर्भय सिंह ने बताया कि मशीनों से लगातार मलबा साफ करने के साथ ही ऊपरी तरफ से कटान कर सड़क निर्माण कर वाहनों के संचालन के लिए प्रयास किया जा रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›