Connect with us

हरिद्वार

सिडकुल के होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के एक होटल में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।


नगर पुलिस अधीक्षक पंकज गैरोला ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिडकुल के महादेवपुरम स्थित एक होटल में महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर एएचटीयू प्रभारी इंस्पेक्टर विजय सिंह और सिडकुल थाने के एसआई योगेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने महादेवपुरम फेस-2 स्थित होटल पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान होटल के काउंटर पर संचालक जानी कुमार निवासी जनकपुरी मुजफ्फरनगर मिला। पूछताछ में उसने देह व्यापार में शामिल होने की बात स्वीकार की। होटल के कमरों की तलाशी लेने पर तीन महिलाएं और तीन पुरुष आपत्तिजनक अवस्था में पाए गए। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशरफ निवासी भजनपुर, थाना सैफनी, जिला रामपुर (यूपी), नकुल निवासी बजीदपुर, शेरकोट, बिजनौर, सुमित निवासी रोशनाबाद, सिडकुल और सहारनपुर निवासी तीन महिलाओं के रूप में हुई है। होटल संचालक ने बताया कि नौशाद, तरमीम निवासीगण सलेमपुर और जाहिद निवासी गोविंदपुर, दादूपुर महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों तक पहुंचाते थे। पुलिस के आने से पहले ही वे भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस रैकेट का संचालन काफी समय से चल रहा था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी टीम गठित कर दी गई है।
इस घटना से क्षेत्र में चल रहे अवैध गतिविधियों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।

Select Language

Advertisement