हल्द्वानी
हल्द्वानी पहुंचे शिव सेना उपप्रमुख महेश आहूजा, राम मंदिर में घोटाले का लगाया बड़ा आरोप
उत्तर प्रदेश शिव सेना राज्य उपप्रमुख महेश आहूजा के हल्द्वानी आगमन पर शिव सैनिकों ने भव्य स्वागत किया। बैठक में राम मंदिर निर्माण में घोटाले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा गया।
हल्द्वानी: उत्तर प्रदेश शिव सेना के राज्य उपप्रमुख एवं वरिष्ठ नेता महेश आहूजा के हल्द्वानी आगमन पर शिव सैनिकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मीडिया प्रभारी अभिषेक कश्यप के मुताबिक, कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि को पारंपरिक पटका पहनाकर और पुष्प गुच्छ भेंट कर अगवानी की। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और देवभूमि में शिव सेना की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए राज्य उपप्रमुख महेश आहूजा ने कहा कि उत्तराखंड एक पवित्र देवभूमि है। यहाँ संगठन का मुख्य उद्देश्य छात्र हित, व्यापारी हित, महिला सुरक्षा और हिंदू हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक मुद्दों पर अधिक सक्रिय होने का आह्वान किया। आहूजा ने जोर देकर कहा कि जब कार्यकर्ता जमीन पर उतरकर जनता के सुख-दुख में भागीदार बनेंगे, तभी आम जनता को वास्तविक राहत मिल पाएगी।
इस दौरान उत्तराखंड प्रदेश उपप्रमुख रूपेंद्र नागर ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की कथनी और करनी में बहुत बड़ा अंतर है। नागर ने दावा किया कि शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंदिर निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये और 4 किलो चांदी की ईंट भेंट की थी, जिसका आज तक कोई हिसाब नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में राम मंदिर निर्माण में अरबों रुपये का कथित घोटाला हुआ है।
शिव सेना नेताओं ने कहा कि इस कथित घोटाले से देश भर के करोड़ों राम भक्तों की आस्था को गहरी ठेस पहुँची है। भाजपा ने हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर कुमाऊं मंडल प्रमुख हेमंत कुमार भईयू, जिला अध्यक्ष त्रिलोक सिंह और महानगर कार्यकारी प्रमुख मनोज गुप्ता सहित दर्जनों शिव सैनिक मौजूद रहे।
