Connect with us

हल्द्वानी

शेफ भूपी की सफलता की कहानी: 12वीं में 2 बार फेल, आज YouTube से कमा रहे लाखों

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी पहुंचे मशहूर शेफ भूपेंद्र सिंह रावत ने साझा किया अपना संघर्ष। ₹1000 की इंटर्नशिप से 2.6 मिलियन सब्सक्राइबर्स तक का सफर, युवाओं को दिया सफलता का मंत्र।

हल्द्वानी: उत्तराखंड के मशहूर शेफ भूपेंद्र सिंह रावत, जिन्हें दुनिया ‘शेफ भूपी’ के नाम से जानती है, सोमवार को हल्द्वानी पहुंचे। यहाँ एक निजी कॉलेज के कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने अपने जीवन के उन संघर्षों को साझा किया, जिन्हें सुनकर हर कोई दंग रह गया। ₹1000 की मामूली इंटर्नशिप से शुरू हुआ उनका सफर आज करोड़ों के टर्नओवर और लाखों प्रशंसकों तक पहुँच चुका है।
भूपी ने बताया कि स्कूल के दिनों में वे पढ़ाई में काफी कमजोर थे और 12वीं कक्षा में दो बार फेल हुए। लोग उन्हें ताने देते थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। करियर की शुरुआत में 6 महीने तक उन्हें कोई काम नहीं मिला। आखिरकार, उन्हें ₹1000 के स्टाइफंड पर एक इंटर्नशिप मिली। उन्होंने किसी भी काम को छोटा नहीं समझा और बड़े होटलों में जायके की बारीकियां सीखीं।
साल 2020 का लॉकडाउन भूपी के जीवन का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। नौकरी जाने के बाद उन्होंने ‘Chef Bhupi’s Kitchen’ नाम से अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया। उनका लक्ष्य फाइव स्टार होटलों के ‘सीक्रेट’ स्वाद को आम आदमी की रसोई तक सरल तरीके से पहुँचाना था। आज उनके साथ 26 लाख से ज्यादा ‘स्वाद के मित्र’ जुड़े हुए हैं और वे यूट्यूब व ब्रांड्स के माध्यम से महीने के 12 से 15 लाख रुपये कमा रहे हैं।
हल्द्वानी में छात्रों के बीच पहुंचे भूपी ने कहा, “डिग्री जरूरी है, लेकिन असल दुनिया में आपका हुनर और कभी हार न मानने वाला जज्बा ही आपकी असली पहचान बनाता है।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि किसी भी परीक्षा में फेल होने को जीवन का अंत न समझें। उनकी सादगी और पहाड़ी अंदाज ने आज उन्हें इंटरनेट की दुनिया का बड़ा सितारा बना दिया है।

Select Language

Advertisement