Report by : Paras Bisht
Published at :
बैलपड़ाव में ट्रक और कार की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत

कोटाबाग के बाल विकास परियोजना कार्यालय में आधार कार्ड बनाने का काम करते थे दोनों युवक

रामनगर। बैलपड़ाव में बुधवार को बेकाबू ट्रक और कार की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक कोटाबाग के बाल विकास परियोजना कार्यालय में कंप्यूटर पर आधार कार्ड बनाने का काम करते थे। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए।
कोतवाल अरुण कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह जसपुर, जिला ऊधमसिंह नगर निवासी अरशद (30) पुत्र रियाज़ अहमद और काशीपुर बरखेड़ा पांडे निवासी साहिब आलम (22)पुत्र सगीर अहमद बाइक से कोटाबाग जा रहे थे। दोनों कोटाबाग बाल विकास परियोजना कार्यालय में आधार कार्ड बनाने का काम करते थे। दोनों रोज की तरह बाइक से कोटाबाग के लिए निकले थे। इसी बीच बैलपड़ाव में उनकी बाइक तेज रफ्तार दौड़ते ट्रक से भिड़ गई। इसी बीच सामने से आ रही एक अन्य कार ने भी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बैलपड़ाव पुलिस रामनगर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृतक घोषित कर दिया। अरशद के दो साल की पुत्री मरियम है। वहीं साहिब भी तीन भाई थे और वह सबसे छोटा था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›