Report by : CWN Desk
Published at :
टिहरी के भिलंगना ब्लॉक में बादल फटने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

टिहरी। भिलंगना ब्लॉक के नौताड़ तोक में बादल फटने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि नौताड़ तोक में एक होटल बह गया। जिसमें होटल स्वामी भानु प्रसाद(50), उनकी पत्नी नीलम देवी(45) व पुत्र विपिन(28) लापता थे। रेस्क्यू अभियान के दौरान भानु और उनकी पत्नी नीलम का शव घटनास्थल से 100 मीटर दूरी पर बरामद कर लिया गया है। वहीं, लापता युवक विपिन घायल अवस्था में मिला है। 
मलबा मुंह में भर जाने के कारण विपिन को सीने में तकलीफ और सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। रात दो बजे विपिन को पिलखी से एम्स ले जाया गया। सभी आपातकालीन प्रयास और उपचार देने के बावजूद विपिन को बचाया नहीं जा सका। विपिन ने डैम टॉप के निकट दम तोड़ दिया। उसकी बॉडी को डीएच बौराड़ी में लाया गया है।
बता दें कि 31  जुलाई 2014 की रात को भी भिलंगना ब्लॉक के जखन्याली गांव के नौताड़ तोक में बादल फटने से  पांच लोग मालबे में जिंदा दफन हो गए थे। उस दौरान भी कई अन्य घरों में मालबा घुसने से नौताड़ जनधन का भारी नुकसान हुआ था। 10 साल बाद फिर 31 जुलाई 2024 रात को बादल फटने से नौताड़ तोक में रह रहे एक ही परिवार के तीन लोग मौत के मुंह में समा गए हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›