Report by : CWN Desk
Published at :
शक्तिफार्म में निजी विद्यालय में घुसा जंगली सुअर, छात्रा समेत तीन लोग घायल

शक्तिफार्म। गोविंदनगर स्थित एसएसएस लोकमणि शर्मा एजुकेशन स्कूल में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक एक जंगली सुअर विद्यालय परिसर में घुस गया। सुबह लगभग 8:30 बजे कक्षाएं चल रही थीं, तभी सुअर सीधे आठवीं कक्षा में जा पहुंचा और छात्रा पूजा विश्वास पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से छात्रा बुरी तरह घायल हो गई और उसके पैरों में गंभीर चोटें आईं।
छात्रा को बचाने के लिए अध्यापिका संगीता चटर्जी और अध्यापक गजेंद्र चंद्र आगे आए, लेकिन सुअर ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों शिक्षक भी चोटिल हो गए। घटना से विद्यालय में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और बच्चे डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। घायल छात्रा को तत्काल परिजन व विद्यालय स्टाफ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना ग्राम प्रधान ने वन विभाग को दी। मौके पर पहुंचे वन कर्मियों ने विद्यालय परिसर का जायजा लिया और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। वन क्षेत्राधिकारी किशनपुर घनानंद चनियाल ने बताया कि विभाग की ओर से घायल छात्रा व शिक्षकों के इलाज और मुआवजे के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में सुरक्षा के उचित इंतजाम करने और आसपास के क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही रोकने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›