Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी के पनियाली में बाघ का हमला, महिला की मौत के बाद भारी बवाल

हल्द्वानी के पनियाली गांव में घास लेने गई महिला को बाघ ने बनाया निवाला। दो सप्ताह में दूसरी मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन।

हल्द्वानी। पनियाली गांव (Paniyali Village) में बुधवार को बाघ के हमले ने एक बार फिर सनसनी फैला दी है। घास लेने जंगल गई 55 वर्षीय कमला देवी को बाघ ने अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल है। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर ढाई घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

हल्द्वानी के पनियाली में बाघ का हमला, महिला की मौत के बाद भारी बवाल


मिली जानकारी के अनुसार, पनियाली निवासी कमला देवी बुधवार सुबह करीब आठ बजे मवेशियों के लिए घास काटने जंगल गई थीं। दोपहर तक जब वह घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। जंगल के भीतर करीब दो किलोमीटर दूर महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। बाघ ने महिला के शरीर के निचले हिस्से को बुरी तरह खा लिया था। मौके पर महिला का मंगलसूत्र और चप्पलें बिखरी मिलीं, जो संघर्ष की गवाही दे रहे थे।
हल्द्वानी की फतेहपुर रेंज में दो सप्ताह के भीतर यह दूसरी दर्दनाक घटना है। इससे पहले 12 फरवरी को भी 66 वर्षीय गंगा देवी की बाघ के हमले में मौत हो गई थी। बार-बार हो रहे इन हमलों से ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। प्रदर्शनकारियों ने कठघरिया वन चौकी (Kathgharia Forest Outpost) के सामने सड़क जाम कर दी। उनकी मांग है कि हमलावर बाघ को तुरंत ‘आदमखोर’ घोषित कर गोली मारी जाए।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने ‘मुआवजा नहीं, सुरक्षा दो’ के नारे लगाए। एसडीएम प्रमोद कुमार और एसपी सिटी समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, लेकिन ग्रामीण टस से मस नहीं हुए। अंततः डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया द्वारा सुरक्षा के ठोस आश्वासन के बाद रात साढ़े आठ बजे जाम खोला गया। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाघ के मूवमेंट पर नजर रखने के लिए टीमें तैनात कर दी हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›