Report by : CWN Desk
Published at :
हरिद्वार और नैनीताल-ऊधमसिंहनगर सीटों पर आज कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा होने की संभावना

मंगलवार शाम दिल्ली में बैठक, प्रत्याशियों के चयन को लेकर मशक्कत कर रही कांग्रेस 
देहरादून। हरिद्वार और नैनीताल-ऊधमसिंहनगर संसदीय सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को लेकर छाया कुहासा शीघ्र छंटने के आसार हैं। पार्टी मंगलवार देर सायं अथवा बुधवार को प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। उत्तराखंड की पांच में से तीन संसदीय सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी उतार चुकी है, लेकिन दो सीटों पर अभी असमंजस बना हुआ है। हरिद्वार और नैनीताल-ऊधम सिंह नगर की सीटों से कांग्रेस को अधिक उम्मीदें हैं।
इन दोनों सीटों पर कांग्रेस के पास विधायकों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। इन संसदीय क्षेत्रों के सामाजिक समीकरणों को भी प्रमुख विपक्षी दल अपने अनुकूल पा रहा है।
यही कारण है कि इन सीटों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर भी खासी मशक्कत की जा रही है। माना जा रहा है कि मंगलवार शाम नई दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में पार्टी के वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं की बैठक में दोनों सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों पर मुहर लग सकती है। नए चेहरों पर दांव को लेकर भी केंद्रीय नेतृत्व का रुख सामने आ सकता है। इसके बाद पार्टी की ओर से मंगलवार अथवा बुधवार को प्रत्याशी घोषित किए जा सकते हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›