Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: कूलर का स्विच ऑन करते ही करंट से 14 वर्षीय छात्र की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी में गर्मी से बचने के लिए कूलर का स्विच चालू करने गए 10वीं के छात्र की करंट लगने से मौत। 14 साल पहले जिस तारीख को जन्म हुआ, उसी तारीख को थमी सांसें।

हल्द्वानी। हल्द्वानी से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ गर्मी से राहत पाने के लिए कूलर का बटन ऑन करने गए एक 14 वर्षीय बच्चे की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान राकेश के रूप में हुई है, जो कक्षा 10 का छात्र था। इस भीषण हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह दुखद घटना गुरुवार देर शाम की है। मूल रूप से नैनीताल के हरीश ताल निवासी संतोष आर्या वर्तमान में फॉरेस्ट रिसर्च सेंटर में दैनिक वेतनभोगी माली के रूप में कार्यरत हैं और वहीं परिसर में रहते हैं। रात को खाना खाने के बाद जब पूरा परिवार सोने की तैयारी कर रहा था, तब उनका छोटा बेटा राकेश कमरे में कूलर चलाने गया। जैसे ही उसने स्विच बोर्ड को छुआ, वह उसमें आ रहे जोरदार करंट की चपेट में आकर बोर्ड से ही चिपक गया।
काफी देर तक जब कमरे से कोई आवाज नहीं आई, तो चिंतित परिजन उसे ढूंढते हुए कमरे में पहुंचे। राकेश को बिजली के बोर्ड से चिपका देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने आनन-फानन में उसे बिजली के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल अस्पताल ले गए। हालांकि, करंट इतना भयानक था कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया और डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
इस घटना में एक बेहद दर्दनाक संयोग भी सामने आया है। पोस्टमॉर्टम हाउस पर रोते-बिलखते पिता संतोष आर्या ने बताया कि पहाड़ी कैलेंडर के अनुसार, ठीक 14 साल पहले 14 गते को ही राकेश का जन्म हुआ था और आज 14 गते के दिन ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद से फॉरेस्ट रिसर्च सेंटर परिसर के अन्य परिवारों में भी गहरा डर और मातम का माहौल है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement