CWN Desk

हल्द्वानी के वनभूलपुरा में भाई संग गौला नदी किनारे गए 15 वर्षीय अहमद की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। जल पुलिस और SDRF ने शव निकाला। पढ़ें पूरी खबर।

हल्द्वानी। वनभूलपुरा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां शुक्रवार सुबह अपने बड़े भाई के साथ कपड़े धोने गए 15 वर्षीय किशोर की गौला नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूबने से अकाल मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
मृतक किशोर की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के निवासी 15 वर्षीय अहमद के रूप में हुई है। अहमद अपने भाइयों के साथ चोरगलिया रोड क्षेत्र में रहता था। शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे उसका बड़ा भाई वनभूलपुरा रेलवे फाटक के समीप गौला नदी के किनारे कपड़े धोने गया था, जिसके साथ अहमद भी चला गया।
नदी किनारे पहुंचने के बाद अहमद नहाने के लिए पानी में उतर गया। बारिश के मौसम में नदी के बदले जलस्तर और अचानक गहरे गड्ढे में जाने के कारण वह देखते ही देखते पानी के तेज बहाव में समा गया। भाई द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोग एकत्रित हुए और तत्काल डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने किशोर के शव को नदी से बाहर निकाला। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।