हल्द्वानी
हल्द्वानी बोर्ड बैठक में हंगामा: गैस कालाबाजारी और अवैध वसूली पर बरसे पार्षद
हल्द्वानी नगर निगम की बैठक में कुकिंग गैस की कालाबाजारी और सफाई कर्मचारियों द्वारा अवैध वसूली पर जमकर हंगामा हुआ। मेयर ने अधिकारियों को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश।
हल्द्वानी: नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक आज हंगामे की भेंट चढ़ गई। महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पार्षदों ने जनता से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाए। सदन में कुकिंग गैस की कालाबाजारी और सफाई के नाम पर हो रही अवैध वसूली को लेकर पार्षदों ने कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। भारी हंगामे के बीच बोर्ड के सम्मुख रखे गए सभी 20 विकास प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।
बैठक में सबसे ज्वलंत मुद्दा इंडेन गैस की होम डिलीवरी न होना और गैस की कालाबाजारी रहा। पार्षद सुरेंद्र मोहन सिंह, रवि जोशी और मुकुल बल्यूटिया सहित कई पार्षदों ने गैस वितरण प्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता को सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है, जबकि कालाबाजारी जोरों पर है। महापौर ने तत्काल गैस एजेंसी के प्रतिनिधियों को तलब कर समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था को लेकर भी सदन में तीखी बहस हुई। पार्षदों ने आरोप लगाया कि कुछ पर्यावरण मित्र यूजर चार्ज के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। इस पर महापौर ने सख्त रुख अपनाते हुए जनता से अपील की कि वे केवल अधिकृत ‘बैणी सेना’ को ही भुगतान करें और रसीद जरूर मांगें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अवैध वसूली करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कामचोरी रोकने के लिए बोर्ड ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब पर्यावरण मित्रों का वेतन बायोमेट्रिक उपस्थिति के साथ-साथ संबंधित वार्ड के पार्षद की रिपोर्ट के आधार पर ही जारी होगा। पार्षद द्वारा उपस्थिति प्रमाणित न होने पर वेतन रोक दिया जाएगा। मेयर ने सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अधिकारियों को एक महीने का समय दिया है, ताकि हर घर तक कूड़ा वाहन की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
बैठक के अंत में नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने सभी पार्षदों को आश्वस्त किया कि उठाए गए मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तोलिया और अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन का मुख्य फोकस अब शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने और गैस वितरण की विसंगतियों को दूर करने पर है।
