Report by : CWN Desk
Published at :
वरिष्ठ पत्रकार मंजुल के निधन पर उत्तराखंड पत्रकार यूनियन ने परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग

देहरादून। वरिष्ठ पत्रकार मंजुल मांजिला के आकस्मिक निधन से उत्तराखंड के पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। राष्ट्रीय खेलों की कवरेज के दौरान ड्यूटी पर रहते हुए हार्ट अटैक से उनका निधन हुआ। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उनके परिवार को कोई आर्थिक सहायता नहीं मिल पाई है।
दिवंगत मंजुल मांजिला खेल विभाग द्वारा चयनित एक निजी कंपनी के लिए कार्यरत थे। उत्तराखंड पत्रकार यूनियन ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। यूनियन ने खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या के उस आश्वासन का भी स्मरण दिलाया, जिसमें उन्होंने दिवंगत पत्रकार के परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था।


उत्तराखंड पत्रकार यूनियन ने खेल सचिव को निर्देशित करते हुए सहायता प्रक्रिया में हो रही देरी को समाप्त करने और परिवार को शीघ्र आर्थिक राहत राशि प्रदान करने की मांग की है। यूनियन का कहना है कि यह मामला केवल मंजुल मांजिला के परिवार को न्याय दिलाने का नहीं है, बल्कि यह पत्रकारों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा की लड़ाई भी है।
यूनियन ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि शीघ्र ही राहत राशि नहीं दी जाती है, तो वह विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी। यह विरोध प्रदर्शन केवल देहरादून तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण लेकिन दृढ़ विरोध दर्ज कराया जाएगा।
उत्तराखंड पत्रकार यूनियन ने इस संबंध में एक ज्ञापन भी जारी किया है, जिसकी प्रतिलिपि खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या और सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी को भी भेजी गई है। यूनियन ने सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने और दिवंगत पत्रकार के परिवार को न्याय दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आग्रह किया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›