CWN Desk

देवभूमि ट्रक ओनर महासंघ ने 5 सूत्रीय मांगों को लेकर 20 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का किया ऐलान। आरटीओ को ज्ञापन सौंपकर दी चेतावनी।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों और वाहन स्वामियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। देवभूमि ट्रक ओनर महासंघ ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई न होने पर आगामी 20 अगस्त 2026 से पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। यातायात नगर स्थित महासंघ के कार्यालय में आयोजित एक आपातकालीन बैठक में यह बड़ा फैसला सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक के दौरान ट्रांसपोर्टरों ने परिवहन व्यवसाय से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं और वाहन स्वामियों के लगातार हो रहे उत्पीड़न पर गहरी चिंता व्यक्त की। महासंघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि सरकार और प्रशासन लंबे समय से उनकी जायज मांगों की अनदेखी कर रहे हैं। इससे ट्रांसपोर्टर व्यवसायियों के सामने अपनी आजीविका चलाने का संकट खड़ा हो गया है।
आंदोलन की पहली कड़ी के तहत महासंघ के एक शिष्टमंडल ने संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को पांच सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वाहन स्वामियों का उत्पीड़न तुरंत बंद करने और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की मांग की गई है। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि यदि 20 अगस्त तक सरकार ने सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो ट्रकों के पहिये पूरी तरह थम जाएंगे। इस आपातकालीन बैठक में महासंघ के अध्यक्ष राकेश जोशी, राजकुमार सिंह नेगी, विक्रम बिष्ट, ललित पाठक, प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा और अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। महासंघ ने शासन-प्रशासन से अपील की है कि हजारों परिवारों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए।