Report by : CWN Desk
Published at :
प्रदेश की महिलाओं को धामी सरकार का रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा का तोहफा

देहरादून। प्रदेश की महिलाओं को धामी सरकार ने रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा का तोहफा दिया है। बृहस्पतिवार को परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन सीपी कपूर की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
सरकार के निर्देश पर सचिव परिवहन बृजेश संत ने परिवहन निगम प्रबंधन को रक्षाबंधन पर दो दिन तक रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा संबंधी आदेश जारी करने का पत्र भेजा था। इस दौरान होने वाले खर्च की प्रतिपूर्ति सरकार करेगी। परिवहन निगम प्रबंध निदेशक डॉ. आनंद श्रीवास्तव के निर्देशों पर इस बाबत आदेश जारी कर दिया गया है। प्रदेश की महिलाएं रोडवेज बसों में दो दिन तक प्रदेश के भीतर मुफ्त सफर कर सकेंगी।
अगर सफर के दौरान कुछ हिस्सा यूपी का भी पड़ता है, तो भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। परिवहन निगम के महाप्रबंधक ने सभी मंडलीय प्रबंधक, उप महाप्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक, डिपो सहायक महाप्रबंधकों को इस संबंध में पत्र भेजा है। बताया कि यात्रा का विवरण तैयार करके निगम मुख्यालय को भेजा जाए। इस विवरण के आधार पर यात्रा खर्च की प्रतिपूर्ति सरकार करेगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›