Report by : CWN Desk
Published at :
रेशम कोकून के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी को कैबिनेट की मंजूरी, आपदा प्रबंधन पर भी हुआ प्रस्तुतिकरण

देहरादून। प्रदेश सरकार ने रेशम उत्पादकों को बड़ी राहत देते हुए रेशम कोकून के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। बुधवार को आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया। इसके तहत ए श्रेणी के कोकून का समर्थन मूल्य 400 रुपये प्रति किलो से बढ़ाकर अब 440 रुपये कर दिया गया है।

कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब अन्य श्रेणियों के कोकून के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। बी ग्रेड कोकून की कीमत 370 रुपये से बढ़ाकर 395 रुपये प्रति किलो, सी ग्रेड की कीमत 280 से बढ़ाकर 290 रुपये प्रति किलो तथा डी ग्रेड की कीमत 230 रुपये से बढ़ाकर 240 रुपये प्रति किलो तय की गई है। इस निर्णय से रेशम की खेती करने वाले हजारों किसानों को आर्थिक लाभ होगा और उन्हें अपने उत्पाद का उचित मूल्य मिल सकेगा।

कैबिनेट बैठक में केवल इसी प्रस्ताव को पारित किया गया, लेकिन इसके अतिरिक्त राज्य में आपदा से निपटने की तैयारियों को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण भी दिया गया। इसमें बताया गया कि किस प्रकार राज्य विभिन्न आपदाओं से निपटने की तैयारी कर रहा है, किन क्षेत्रों में सुधार किए जा रहे हैं और किन संसाधनों को सक्रिय किया गया है।

रेशम कोकून मूल्य वृद्धि का यह फैसला राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों का प्रमाण है और इससे रेशम उद्योग को नया संबल मिलेगा। वहीं आपदा प्रबंधन को लेकर की गई तैयारी राज्य को भविष्य की चुनौतियों के प्रति मजबूत बनाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›