Report by : CWN Desk
Published at :
चारधाम यात्रा: रोडवेज चलाएगा 100 बसें, 50 बसें रिजर्व में; नियम उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुचारू आवागमन के लिए उत्तराखंड रोडवेज 100 बसों का संचालन करेगा। इसके साथ ही हरिद्वार और ऋषिकेश में 50 बसों को रिजर्व में रखा जाएगा, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर तत्काल यात्रा पर भेजा जाएगा। आरटीओ (प्रशासन) एवं यात्रा के नोडल अधिकारी संदीप सैनी ने बताया कि यात्रा में किसी प्रकार की बसों की कमी नहीं आने दी जाएगी।

रोडवेज के साथ ही ऋषिकेश की निजी कंपनियों की बसें भी यात्रा में सम्मिलित होंगी। इसके अलावा कुमाऊं मंडल से भी बसें मंगाई जा रही हैं, जिसके लिए केएमओयू से बातचीत पूरी हो चुकी है। इस योजना के तहत यात्रा के दौरान लगातार बसों की निगरानी और जरूरत अनुसार बसों की संख्या में वृद्धि की जाएगी।

आरटीओ संदीप सैनी ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रवर्तन दल कार्रवाई करेंगे। चेकपोस्ट पर हर वाहन की गहन जांच की जाएगी, और नियम तोड़ने पर संबंधित वाहन का चालान काटा जाएगा या फिर वाहन को सीज भी किया जा सकता है।

प्रशासन का उद्देश्य है कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव हो सके। यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग पूरी तैयारी में जुटा हुआ है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›