Report by : CWN Desk
Published at :
30 रुपये को लेकर विवाद, छोले-कुल्चे विक्रेता की लाठी-डंडों से पिटाई कर हत्या

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में मामूली से 30 रुपये को लेकर बड़ा विवाद खून-खराबे में बदल गया। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव कुड़वल बनारस में छोले-कुल्चे की रेहड़ी लगाने वाले 40 वर्षीय रवि कुमार की पड़ोसी दुकानदार और उसके पुत्रों ने लाठी-डंडों से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक, रवि रोजाना गांव के गेट के पास छोले-कुल्चे की रेहड़ी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। चार सितंबर को गांव के ही एक सब्जी विक्रेता ने उससे छोले-कुल्चे खाए थे और 30 रुपये उधार कर दिए थे। पांच सितंबर को जब रवि ने अपने पैसे मांगे तो आरोपी भड़क उठा और गाली-गलौच करने लगा। इसके बाद उसने अपने दोनों बेटों को बुलाकर लाठी-डंडों से रवि पर जानलेवा हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने रवि को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों से भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल रवि को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत बिगड़ने पर नगर और दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शनिवार सुबह करीब नौ बजे रवि की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता श्रीपाल सिंह ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि शनिवार शाम तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था, लेकिन जांच शुरू कर दी गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›