Report by : CWN Desk
Published at :
गंगोत्री जा रहा हेलीकॉप्टर गंगनानी के पास हुआ दुर्घटनाग्रस्त, राहत-बचाव कार्य जारी

देहरादून। उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सुबह लगभग 9 बजे गंगनानी से आगे नाग मंदिर के पास एक प्राइवेट कम्पनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हेलीकॉप्टर तीर्थस्थल गंगोत्री की ओर जा रहा था। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि हादसा भागीरथी नदी के किनारे हुआ, जहां मलबा बिखरा पड़ा है।

गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान ने दुर्घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी उत्तरकाशी को तत्काल मौके पर रवाना होने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य के लिए कई टीमों को सक्रिय कर दिया है। पुलिस बल, आर्मी फोर्स, आपदा प्रबंधन की QRT टीम, 108 एंबुलेंस, तहसीलदार भटवाड़ी, BDO भटवाड़ी और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर रवाना की गई हैं।

घटना स्थल कठिन भू-भाग में स्थित है, जिससे राहत कार्यों में कठिनाई आ रही है, लेकिन प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत और बचाव कार्य में जुटा है। अभी तक हादसे के कारण और हताहतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना को लेकर इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और राहत कार्यों में बाधा न पहुंचाएं। हादसे को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›