Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून: मुख्यमंत्री ने मानसून को लेकर दिए कड़े निर्देश, अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने का आदेश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसून सीजन के मद्देनज़र अगले दो महीनों तक अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। रविवार को आईटी पार्क स्थित यूएसडीएमए कंट्रोल रूम में राज्य में बारिश से उत्पन्न हालात की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खराब मौसम में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में रह रहे लोगों को तुरंत शिफ्ट किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गर्भवती महिलाओं का सितंबर तक प्रसव प्रस्तावित है, उनका डेटा बेस तैयार कर नियमित अपडेट किया जाए। प्रसव पूर्व उन्हें अस्पताल पहुंचाने की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं के लिए भोजन, दवाइयां और बच्चों के लिए दूध जैसी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य वाले क्षेत्रों में लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें। संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी और अन्य उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिन जगहों पर नदियां और नाले रास्ता बदल सकते हैं, वहां सुरक्षात्मक प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण जो सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, उन्हें जल्द खोलने की व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री ने सभी डीएम से बारिश, सड़कों की स्थिति और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली और हर स्तर पर अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, यूएसडीएमए के एसीईओ आनंद स्वरूप, डीआईजी राजकुमार नेगी आदि मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›