Report by : CWN Desk
Published at :
केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल पर सख्त प्रतिबंध, नियम तोड़ने पर उपकरण जब्त और जुर्माना

देहरादून। केदारनाथ धाम की पवित्रता और गरिमा बनाए रखने के लिए अब मंदिर परिसर में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। बदरीनाथ की तर्ज पर अब केदारनाथ मंदिर परिसर के 30 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन से रील बनाना, फोटो खींचना या वीडियो शूट करना सख्त रूप से निषिद्ध कर दिया गया है। इन नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति के मोबाइल और अन्य उपकरण जब्त कर लिए जाएंगे।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने यह निर्णय धामों की मर्यादा और अनावश्यक भीड़ पर नियंत्रण के उद्देश्य से लिया है। समिति के सीईओ विजय थपलियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर परिसर में बढ़ती भीड़ और सोशल मीडिया के लिए बनाए जा रहे वीडियो-रील्स श्रद्धालुओं की आस्था और शांति को भंग कर रहे हैं। ऐसे में बदरीनाथ के बाद अब केदारनाथ में भी मोबाइल इस्तेमाल पर सख्ती लागू की जा रही है।

इसके तहत मंदिर परिसर में सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, जिनमें साफ-साफ लिखा होगा कि मोबाइल फोन का उपयोग प्रतिबंधित है। नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना और उपकरण जब्ती जैसी कार्यवाही की जाएगी। बदरीनाथ धाम में यह व्यवस्था पहले ही लागू की जा चुकी है, जहां मोबाइल इस्तेमाल पर 5000 रुपये तक का जुर्माना निर्धारित किया गया है।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर विशेष नजर: बीकेटीसी की टीम विशेष रूप से यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों पर नजर रखेगी, जो धार्मिक स्थलों पर कंटेंट निर्माण के नाम पर अनुशासनहीनता फैलाते हैं। समिति का कहना है कि धामों की गरिमा को बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक है और इसे सख्ती से लागू किया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›