Report by : CWN Desk
Published at :
सरकारी राशन में अब मिलेगा एक किलो मंडुवा, देहरादून से हुई योजना की शुरुआत

देहरादून। राज्य सरकार ने पोषक तत्वों से भरपूर मोटे अनाज को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। अब से सरकारी राशन की दुकानों पर उपभोक्ताओं को प्रति कार्ड एक किलो मंडुवा (रागी) भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी शुरुआत इस माह से देहरादून जिले में की जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी कैलाश अग्रवाल ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार लंबे समय से मोटे अनाज के वितरण की योजना पर काम कर रही थी, जिसे अब धरातल पर उतारा गया है। योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) और अंत्योदय कार्ड धारकों को इसका लाभ मिलेगा।

योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को एक किलो चावल कम करके उसकी जगह एक किलो मंडुवा दिया जाएगा। इससे न सिर्फ पोषण स्तर में सुधार होगा बल्कि मंडुवा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रथम चरण में यह योजना मैदानी जिलों में लागू की जा रही है, जबकि आगे चलकर इसे पर्वतीय क्षेत्रों में भी विस्तारित किया जाएगा।

अग्रवाल ने बताया कि अंत्योदय कार्ड धारकों को वर्तमान में प्रतिमाह प्रति कार्ड 35 किलो राशन दिया जाता है। अब इस में से एक किलो मंडुवा शामिल होगा। राज्य सरकार की यह पहल मोटे अनाजों के महत्व को रेखांकित करती है, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माने जाते हैं।

यह योजना राज्य में कुपोषण की समस्या को कम करने और स्थानीय किसानों को समर्थन देने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास मानी जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›