Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड में अब इन उपभोक्ताओं को मिलेगी बिजली बिल में 50 प्रतिशत सब्सिडी

देहरादून। उत्तराखंड में 100 यूनिट तक और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में 200 यूनिट बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं को धामी सरकार अब 50 प्रतिशत सब्सिडी देगी। अपने जन्मदिन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ये घोषणा की। उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास भी किया। बिजली में छूट की सुविधा एक किलोवाट तक विद्युत भार वाले उपभोक्ताओं को मिलेगी। इस योजना का लाभ लगभग 11 लाख 50 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने जन्म दिवस पर मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को अनेक सौगात दीं। मुख्यमंत्री ने पिटकुल की एडीबी वित्त पोषित पांच परियोजनाओं 220 केवी जीआईएस सब स्टेशन सेलाकुई, 132 केवी जीआईएस सब स्टेशन आराघर, 132 केवी जीआईएस सब स्टेशन लोहाघाट, 132 केवी जीआईएस सब स्टेशन धौलाखेड़ा, 132 केवी जीआईएस सब स्टेशन खटीमा द्वितीय व संबंधित लाइन निर्माण का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने यूपीसीएल की परियोजनाओं गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र में केंद्र पोषित आरडीएसएस योजना के तहत 16 लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटरों के स्थापना के कार्य एवं एडीबी से बाह्य सहायतित प्रोजेक्ट के तहत देहरादून की बिजली लाइनों को भूमिगत करने के कार्यों का शुभारंभ किया। इसमें लगभग 977 करोड़ की धनराशि खर्च होगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत निर्मित लक्ष्मी आवास योजना शिकारपुर, रुड़की के भवनों के 101 लाभार्थियों को कब्जा पत्र और चाबी सौंपी।
मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य के सतत विकास के लिए सरकार हर क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। इन परियोजनाओं से विद्युत आपूर्ति और वितरण व्यवस्था में और सुधार होगा। उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ ही रोजगार बढ़ेगा। राज्य की आर्थिकी को और मजबूत आधार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रही है।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा, मुख्यमंत्री धामी ने कार्यभार संभालने के बाद से प्रदेश में नई कार्य संस्कृति बनाई है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्य, राज्यसभा सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव ऊर्जा डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम, एमडी यूपीसीएल अनिल कुमार, एमडी पिटकुल पीसी ध्यानी आदि मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›