Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड में चार अक्तूबर से खेल महाकुंभ का आगाज, साढ़े तीन लाख खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

देहरादून। उत्तराखंड में खेल महाकुंभ का आगाज चार अक्तूबर से होगा, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग साढ़े तीन लाख खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। महाकुंभ की शुरुआत में 662 न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताओं से होगी। आगे चलकर ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर तक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। खेलों की लंबी अवधि की वजह से अभी अंतिम तिथि तय नहीं हुई है। हालांकि, कई स्तरों पर आयोजित होने वाली सभी प्रतियोगिताएं लगभग तीन महीने में संपन्न होने का अनुमान है।
बृहस्पतिवार को खेल के विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा ने जिले के अफसरों संग बैठक की, जिसमें महाकुंभ की तैयारियों का जायजा लिया और निर्देश दिए। राज्य में साल 2017 से हर साल खेल महाकुंभ का आयोजन हो रहा है, जिसका मकसद राज्य में ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर से लेकर राज्य स्तर तक की खेल प्रतिभाओं को श्रेष्ठ प्रदर्शन का अवसर प्रदान करना। साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना है, जिन्हें आगे चलकर राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रदर्शन करने को तैयार किया जा सके। महाकुंभ में हिस्सा लेने वाले बच्चों की संख्या हर साल बढ़ रही है। पिछले दो साल में दो से ढाई लाख बच्चों ने कई खेलों में प्रतिभाग किया था, लेकिन अबकी लगभग साढ़े तीन लाख बच्चों के हिस्सा लेने का अनुमान है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›