Report by : CWN Desk
Published at :
खुशखबरी: राज्य सरकार 11 विभागों में रिक्त समूह ग के 4405 पदों पर इसी माह शुरू करेगी भर्ती प्रक्रिया

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी सेवा में नियुक्ति को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर। राज्य सरकार 11 विभागों में रिक्त समूह ग के 4405 पदों पर इसी माह भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इसके लिए उत्तराखंड राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 15 सितंबर से आवेदन से लेकर परीक्षा और परिणाम तक का कार्यक्रम जारी करने का निर्णय लिया है।
धामी सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में लगभग 16 हजार युवाओं को विभिन्न विभागों में नियुक्ति मिली है। इसी क्रम में अब राज्य सरकार ने 11 विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा स्वीकृत अधियाचन वाले पदों पर पारदर्शिता और समय सीमा के भीतर भर्ती करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि 11 विभागों से 4405 रिक्त पदों पर भर्ती के अधियाचन स्वीकृत हुए हैं। आयोग ने इन रिक्त पदों के सापेक्ष भर्ती की तैयारी पूरी कर ली है। 15 सितंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
आयोग के अनुसार 15 सितंबर से पुलिस आरक्षी के 2000, वन आरक्षी के 700, इंटर स्तरीय सींचपाल, कनिष्ठ सहायक, राजस्व सहायक, मेट, कार्य पर्यवेक्षक के 1200, वैयक्तिक सहायक के 280, वैज्ञानिक सहायक के 50, स्नातक स्तरीय 50, सहायक विकास अधिकारी के 40, वाहन चालक के 25, लाइब्रेरियन के 10, प्राथमिक शिक्षक एसटी के 15, आइटीआई के विभिन्न ट्रेड के 35 पदों पर भर्ती होनी है।
मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर स‍िंह धामी ने कहा, “राज्य गठन के 23 वर्षों के भीतर युवाओं को समय पर रिकॉर्ड संख्या में सरकारी नौकरी मिली है। लगभग 16 हजार युवाओं को अब तक नियुक्ति मिल चुकी है। मैंने स्वयं युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। हमारी सरकार द्वारा राज्य में देश का सबसे सख्त नकलरोधी कानून बनाने के बाद प्रतिभावान युवाओं को चार-चार परीक्षाओं में सफलता मिल रही हैं। पहले नकल माफिया द्वारा नौकरी का सौदा कर दिए जाने से एक ही परिवार के सदस्यों को चार-चार नौकरी मिलती थीं। हमने संकल्प लिया है कि उत्तराखंड के हितों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›