Report by : CWN Desk
Published at :
दुनिया में फिर बढ़ने लगा कोविड संक्रमण: एशियाई देशों में मामलों में तेजी, भारत सतर्क

देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर कोरोना संक्रमण ने दस्तक दी है। राज्य में कोरोना वायरस के दो नए मामलों की पुष्टि हुई है, जिसमें एक ऋषिकेश एम्स की डॉक्टर और दूसरी गुजरात से आई एक महिला शामिल है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने जानकारी दी कि दोनों महिलाओं की ट्रैवल हिस्ट्री रही है और कोरोना जैसे लक्षण पाए जाने पर जांच कराई गई, जिसमें वे पॉजिटिव पाई गईं।

गुजरात से आई महिला धार्मिक प्रवचन सुनने के लिए ऋषिकेश पहुंची थी। वह पहले से कई गंभीर बीमारियों से ग्रसित थी और अब उसे एम्स ऋषिकेश में भर्ती किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, दूसरी महिला ऋषिकेश एम्स की डॉक्टर हैं, जिनकी हालत स्थिर है और उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है।

डॉ. टम्टा ने बताया कि राज्य में स्थानीय स्तर पर संक्रमण का फिलहाल कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन बाहरी राज्यों से आए इन दो मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है और संबंधित संपर्कों की भी पहचान की जा रही है।

स्वास्थ्य महानिदेशालय ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी में कोरोना जैसे लक्षण नजर आते हैं, तो वह तुरंत जांच कराए और सतर्कता बरते। साथ ही राज्य में कोरोना को लेकर निगरानी प्रणाली को फिर से सक्रिय किया जा रहा है ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। यह स्थिति भले ही शुरुआती हो, लेकिन स्वास्थ्य विभाग किसी भी संभावित खतरे को लेकर पूरी तरह सतर्क है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›