Report by : CWN Desk
Published at :
लंपी वायरस को लेकर जिलाधिकारी गंभीर, अधिकारियों को दिये निर्देश

चंपावत- जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में पशुओं में फैल रही लंपी वायरस की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि वह प्रत्येक दिन जनपद के इन प्रभावित क्षेत्रों सहित सभी दूरस्थ क्षेत्रों में पशु चिकित्सकों की टीम भेजकर पशु चिकित्सा कैंप लगाकर पशुओं की जांच व उपचार करना सुनिश्चित करेंगे और प्रतिदिन की रिपोर्ट उन्हें आवश्यक रूप से उपलब्ध कराएंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जिले के जनसामान्य से भी अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी पशु में लंपी वायरस या अन्य पशु संबंधी बीमारी के लक्षण दिखते हैं तो तत्काल निकटतम पशु चिकित्साधिकारी अथवा पशुपालन विभाग के क्षेत्र में तैनात कार्मिक को सूचित करें। यह बीमारी एक संक्रामक व विषाणु जनित बीमारी है इसलिए प्रभावित पशु को अन्य पशुओं से अलग रखे व पशु चिकित्सक से संपर्क कर शीघ्र उपचार कराएं।
इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ पी एस भंडारी ने अवगत कराया कि पशुपालन की टीम किसानों के घर-घर जाकर प्रतिदिन संक्रमित पशुओं का टीकाकरण और उपचार कर रही है, साथ ही निदेशालय को अतिरिक्त वैक्सीन की डिमांड भी भेजी गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›