Report by : CWN Desk
Published at :
तीन साल से अधिक तैनात कर्मचारियों का होगा तबादला: सीएम धामी ने दिए अधिकारियों को निर्देश

देहरादून। प्रदेश में एक ही स्थान पर तीन साल से अधिक समय से तैनात कर्मचारियों का तबादला अब अनिवार्य होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक में यह निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास से आयोजित इस बैठक में उन्होंने जनसेवा, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पब्लिक सर्विस डिलीवरी को बेहतर बनाया जाए और जन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित जनता दरबार, तहसील दिवस, बीडीसी की बैठकों और ब्लॉक स्तर पर बहुउद्देशीय शिविरों के आयोजन की बात कही, जिससे जन समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

धामी ने कहा कि प्रदेश की सड़कों को जल्द से जल्द गड्ढा मुक्त किया जाए और बरसात से पहले रिवर ड्रेजिंग तथा नालों की सफाई का कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि जलभराव की स्थिति न बने। ग्रीष्मकाल को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों की व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद होनी चाहिए। साथ ही, विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए भी सभी आवश्यक कदम समय रहते उठाए जाएं।

वनाग्नि की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री ने रिस्पांस टाइम को न्यूनतम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि समय रहते नियंत्रण के प्रयास किए जाएं, ताकि नुकसान को रोका जा सके।

मुख्यमंत्री धामी ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाने, खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग करने और योजनाओं के प्रचार-प्रसार को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचे, इसके लिए अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›